UP Board 2020 Practical Exam: उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा के इंटरमीडिएट (UP Board 2020 Intermediate) के छात्र-छात्राओं के लिए एक और मौका दिया जा रहा है। बोर्ड के अनुसार, इंटर के वैसे विद्यार्थी जो किसी कारण से प्रायोगिक परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे, उन्हें एक और मौका दिया जा रहा है।
इन विद्यार्थियों के पास 22 जनवरी से लेकर 31 जनवरी 2020 तक का समय है। इस बीच वे अपने कॉलेज से संपर्क कर अपनी प्रायोगिक परीक्षा पूरी कर सकते हैं। इसके बाद उन्हें स्कूल जिला निरीक्षक (DIOS - District Inspector of Schools) को सूचित करना होगा।
ये भी पढ़ें : UP Board 2020: कक्षा 10वीं के छात्र यहां देखें विज्ञान का मॉडल पेपर, बेहतर करें तैयारी
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के कुछ कॉलेजों में विभिन्न कारणों से दिए गए समय में प्रायोगिक परीक्षाएं नहीं हो पाई थीं। वहीं कुछ ऐसे कॉलेज भी हैं जहां प्रायोगिक परीक्षाएं तो हुईं, लेकिन कुछ विद्यार्थी उसमें शामिल नहीं हो पाए। इन सभी को विभाग ने दूसरा और आखिरी मौका दिया है। अगर इस बार चूक गए, तो फिर से मौका नहीं दिया जाएगा।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, 31 जनवरी तक प्रायोगिक परीक्षा पूरी कर सकते हैं। इसके लिए विद्यार्थी अपने कॉलेज में संपर्क करेंगे। फिर वहां के प्राचार्य डीआईओएस कार्यालय में। इस प्रक्रिया में किसी तरह की लापरवाही होने पर उसकी जिम्मेदारी संबंधित प्राचार्य की होगी।
ये भी पढ़ें : UP Board 2020: कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए यहां है अंग्रेजी का मॉडल पेपर
बता दें कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी 2020 से शुरू हो रही हैं। इस बार ये परीक्षाएं राज्य स्तर पर स्थापित पर्यवेक्षण कक्ष (Monitoring Cell) से लाइव देखी जाएंगी। सभी परीक्षा केंद्रों को इससे जोड़ा जा रहा है। यूपी बोर्ड परीक्षा नकल विहीन कराए जाने के लिए चालू सत्र में परीक्षा केंद्रों की संख्या कम रखी गई है।