UP Board 2020: उत्तर प्रदेश बोर्ड पहली बार छात्रों के लिए 12वीं की परीक्षा में कंपार्टमेंट की सुविधा देने जा रहा है। यह कंपार्टमेंट परीक्षा उन छात्र- छात्राओं के लिए होगी, जो एक विषय में फेल होंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इसके साथ ही बोर्ड ने यह भी निर्णय लिया है कि जो छात्र- छात्राएं इस कंपार्टमेंट परीक्षा में पास होंगे उनके अंकपत्र सह प्रमाणपत्र में यह नहीं लिखा जाएगा, कि छात्र नें कंपार्टमेंट परीक्षा देकर सफलता प्राप्त की है। यह निर्णय इस लिये लिया गया है कि कंपार्टमेंट परीक्षा देकर पास हुए बच्चों पर मनोवैज्ञानिक दबाव न बने।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 20 अप्रैल को संयुक्त सचिव जयशंकर दुबे के द्वारा जारी आदेश में इसका जिक्र है। वहीं काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) भी कंपार्टमेंट देने वाले विद्यार्थियों के अंक पत्र पर इसकी जानकारी नहीं देता है। जबकि सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन में कम्पार्टमेंट परीक्षा में पास होने वाले छात्रों की मार्कशीट में इसका उल्लेख होता है।
यूपी बोर्ड कंपार्टमेंट परीक्षा का आयोजन मई के महीने में कराने वाला था। परंतु कोरोना वायरस की वजह से हुए लॉकडाउन के कारण से अभी 10वीं और 12वीं परीक्षा की कॉपियों का मुल्यांकन नही हो पाया है, जिस वजह से बोर्ड के परिणामों में देरी हो रही है।
जयशंकर दुबे की ओर से जारी आदेश के अनुसार उन छात्रों को कंपार्टमेंट परीक्षा में बैठने की अनुमति प्रदान की जाएगी जो कृषि वर्ग के निर्धारित किसी एक प्रश्नपत्र में अथवा व्यावसायिक वर्ग के लिए निर्धारित ट्रेड विषय के किसी एक प्रश्नपत्र में अनुत्तीर्ण होंगे।