विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने छात्रों को एक ही समय में दो डिग्री पाठ्यक्रम को एक साथ करने की अनुमति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इन दोनोंं डिग्री कोर्स में से एक को रेगुलर मोड में और दूसरे को ओपन या डिस्टेंस लर्निंग के माध्यम से करना होगा।
एक छात्र दो अलग पाठ्यक्रमों के साथ-साथ विभिन्न संस्थानों से दो डिग्री हासिल कर सकता है। इस विषय में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग जल्द ही एक अधिकारिक अधिसूचना जारी करेगा।
यूजीसी के उपाध्यक्ष भूषण पटवर्धन की एक समिति ने लोगों से मिले फीडबैक के आधार पर इस प्रस्ताव पर काम किया। समिति के अनुसार, चूंकि नियमित डिग्री में न्यूनतम उपस्थिति अनिवार्य है, इसलिए दूसरी डिग्री दूरस्थ शिक्षा या ऑनलाइन मोड के माध्यम से ही होनी चाहिए। इससे समिति को लगता है कि छात्रों को बेहतर करियर के अवसर मिलेंगे।
यूजीसी के सचिव रजनीश जैन ने कहा
"हाल ही में आयोग ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय के आधार पर एक छात्र को एक साथ दो डिग्री करने की अनुमति दी जाएगी, लेकिन इन दो डिग्रियों में से एक नियमित तरीके से और दूसरा ऑनलाइन दूरस्थ माध्यम से पूरा करना होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि इस संबध में जल्द ही अधिसूचना जारी की जाएगी।"