जम्मू क्षेत्र में विश्वविद्यालय और कॉलेज एक फरवरी से फिर से खुल रहे हैं। इसे लेकर आधिकारिक आदेश जारी हो चुका है। कॉलेज और विश्वविद्यालयों को कोरोना वायरस के लिए जारी दिशा-निर्देशों के तहत खोला जाएगा और सुरक्षित सामाजिक दूरी का पालन करना व मास्क पहनना अनिवार्य होगा। बता दें कि पिछले साल मार्च से ही कोरोना वायरस से बचाव के लिए स्कूल, कॉलेज और उच्च शिक्षण संस्थान बंद थे। अब धीरे-धीरे स्कूल, विश्वविद्यालय और कॉलेजों को खोला जा रहा है।
एक आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि जम्मू में कॉलेज और विश्वविद्यालय 1 फरवरी को कोविड-19 के लिए जारी दिशानिर्देशों के तहत खुलेंगे। सूबे की सरकार ने इसे लेकर उच्च शिक्षा संस्थानों को दिशानिर्देश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि जम्मू संभाग के समर जोन क्षेत्रों में उच्च शिक्षा संस्थान 1 फरवरी से फिर से खुलेंगे। कश्मीर संभाग और विंटर जोन क्षेत्रों में 15 फरवरी को शीतकालीन अवकाश के बाद संस्थान फिर से खुलेंगे। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश में संस्थानों, कर्मचारियों और छात्रों को कोविड-19 दिशानिर्देशों का पालन करने का आग्रह किया गया है।