देशभर के विश्वविद्यालयों में अब मास्टर ऑफ वोकेशनल डिग्री और डिप्लोमा कोर्स की भी पढ़ाई होगी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने शैक्षणिक सत्र 2019-20 से मास्टर ऑफ वोकेशनल डिग्री और डिप्लोमा में पढ़ाई करवाने की मंजूरी दे दी है। खास बात यह है कि पहली बार विश्वविद्यालयों व कॉलेजों के साथ-साथ राज्य सरकारों के शिक्षण संस्थानों में भी मास्टर ऑफ वोकेशनल डिग्री व डिप्लोमा कोर्स की पढ़ाई हो सकेगी।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के सचिव प्रो. रजनीश जैन के मुताबिक, अभी तक विश्वविद्यालयों व कॉलेजों में बैचलर ऑफ वोकेशनल डिग्री व डिप्लोमा प्रोग्राम की पढ़ाई ही होती थी। नौकरी या निजी कारणों के चलते पढ़ाई से दूर हो चुके युवाओं को बैचलर ऑफ वोकेशनल डिग्री व डिप्लोमा से जोड़ने के बाद अब मास्टर ऑफ वोकेशनल डिग्री व डिप्लोमा कोर्स शुरू करने को मंजूरी मिल गई है। बैचलर और मास्टर वोकेशनल डिग्री व डिप्लोमा के माध्यम से पढ़ाई के साथ युवाओं को रोजगार से जुड़ने का भी मौका मिल रहा है।
- 1 जुलाई तक इच्छुक संस्थान कर सकते हैं आवेदन
प्रो. जैन के मुताबिक, विश्वविद्यालय, कॉलेज व राज्यों के शिक्षण संस्थान मास्टर ऑफ वोकेशनल डिग्री व डिप्लोमा प्रोग्राम में पढ़ाई शुरू करवाना चाहते है तो उन्हें एक जुलाई 2019 तक आवेदन करना होगा। हालांकि संस्थानों को वोकेशनल डिग्री व डिप्लोमा प्रोग्राम के लिए तय मानकों को पूरा करने के आधार पर ही पढ़ाई शुरू करवाने की अनुमति मिलेगी।