यूनिवर्सिटी में दाखिले से पहले किन 4 बातों की जांच करें?
यूजीसी ने संस्थान में प्रवेश लेने से पहले चार प्रमुख बिंदुओं की पुष्टि करने को कहा है:
- कानूनी मान्यता: यह जरूर चेक करें कि शिक्षण संस्थान संबंधित कानूनों के तहत विधिवत स्थापित या मान्यता प्राप्त है या नहीं।
- डिग्री देने का अधिकार: पुष्टि करें कि संस्थान को संबंधित पाठ्यक्रम चलाने और डिग्री या अन्य शैक्षणिक योग्यता प्रदान करने का कानूनी अधिकार है या नहीं। इसके लिए यूजीसी अधिनियम, 1956 और अन्य लागू कानूनों के प्रावधानों को ध्यान में रखना होगा।
- नियामक संस्थाओं की मंजूरी: देखें कि संस्थान ने यूजीसी और अन्य संबंधित वैधानिक या नियामक निकायों से जरूरी मान्यता, अनुमति और स्वीकृति प्राप्त की है या नहीं।
- कोर्स और पढ़ाई के तरीके की वैधता: यह भी जांचें कि संबंधित पाठ्यक्रम, पढ़ाई का माध्यम और अध्ययन केंद्र का स्थान नियमानुसार है या नहीं। इसमें डिस्टेंस एजुकेशन, ऑनलाइन शिक्षा, ऑफ-कैंपस केंद्र और स्टडी सेंटर भी शामिल हैं।
फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची भी जारी की
यूजीसी ने देश में मान्यता प्राप्त और फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची भी जारी की है। यूजीसी ने देशभर में कुल 32 विश्वविद्यालयों को फर्जी करार दिया है। फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची
यहां देखें...
विज्ञापन और वेबसाइट के दावों पर न करें भरोसा
यूजीसी ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों और अभिभावकों को किसी संस्थान के प्रचार सामग्री, वेबसाइट, ब्रोशर या सोशल मीडिया पोस्ट को ही उसकी मान्यता का प्रमाण नहीं मानना चाहिए। संस्थान की ओर से किए गए दावों की पुष्टि आधिकारिक वेबसाइटों और संबंधित नियामक संस्थाओं के रिकॉर्ड से करनी चाहिए।