नेट-सेट और पीएचडी छात्रों के लिए खुशखबरी है। यूजीसी ने इन छात्रों के लिए अकादमिक जॉब पोर्टल लॉन्च किया है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की तरफ से नेट (NET), सेट (SET) और पीएचडी (PH.D) उम्मीदवारों के लिए पेश किया गया अकादमिक जॉब पोर्टल इन अभ्यर्थियों को उपयुक्त नौकरी हासिल करने में मदद करेगा। दरअसल, इस पोर्टल के जरिए अभ्यर्थी अपना अकादमिक प्रोफाइल बना सकेंगे ताकि विश्वविद्यालयों या कॉलेजों व अन्य नियोक्ताओं की तरफ से निकाली गई नौकरियों को पाने में उन्हें मदद मिल सके।
इसे भी पढ़ें-यूपी: अगस्त तक इन 16 विश्वविद्यालयों की परीक्षाएं कराने की तैयारी में है सरकार, जारी की अधिसूचना
जो उम्मीदवार इस अकादमिक जॉब पोर्टल की सुविधाओं का लाभ उठाना चाहते हैं, उन्हें पंजीकरण कराना होगा और अपना प्रोफाइल ऑनलाइन बनाना होगा। जिन उम्मीदवारों ने नेट, सेट और पीएचडी कर ली है वे यूजीसी जॉब पोर्टल की आधिकारिक साइट ugc.ac.in/jobportal पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। अकादमिक जॉब पोर्टल नियोक्ताओं को इस पोर्टल पर उपलब्ध उम्मीदवारों के अकादमिक प्रोफाइल को खोजने और ब्राउज करने की सुविधा प्रदान करता है। दरअसल, अगर कोई विश्वविद्यालय या कॉलेज नौकरी निकालता है, तो वह उपयुक्त अभ्यर्थियों की प्रोफाइल को इस पोर्टल के जरिए खोज सकता है।
इसे भी पढ़ें-यूपी : बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 18 जुलाई को, परिणाम 5 अगस्त को जारी होगा
यह पोर्टल नियोक्ताओं को इस पोर्टल पर नौकरी की रिक्तियों को पंजीकृत करने और पोस्ट करने की सुविधा भी देगा ताकि उम्मीदवार रिक्तियों के लिए आवेदन कर सकें। आयोग गैर-शिक्षण रिक्तियों को भी शामिल करके जॉब पोर्टल को अपग्रेड करने की प्रक्रिया में है । इसके अलावा कुछ नई सुविधाओं को भी जोड़ा जा रहा है। अपग्रेड किया गया पोर्टल जल्द ही उम्मीदवारों और नियोक्ताओं के लिए भी काम करेगा। यूजीसी ने नियोक्ताओं से नौकरी की रिक्तियों को अकादमिक नौकरी पोर्टल पर अपलोड करने का अनुरोध किया है ताकि पात्र उम्मीदवारों इस बात की जानकारी मिल सके।