UCEED, CEED 2025: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे ने आज अंडरग्रेजुएट कॉमन एंट्रेंस एग्जाम फॉर डिजाइन (UCEED 2025) और कॉमन एंट्रेंस एग्जाम फॉर डिजाइन (CEED 2025) के पार्ट-ए की फाइनल आंसर-की जारी कर दी है। पार्ट ए के लिए UCEED, CEED फाइनल आंसर की 2025 के साथ, संस्थान ने आधिकारिक वेबसाइट uceed.iitb.ac.in और ceed.iitb.ac.in पर प्रश्न पत्र पीडीएफ भी जारी कर दिया है। जो भी छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे, वे आधिकारिक वेबसाइटों पर जाकर उत्तर कुंजी डाउनलोड कर सकते हैं।
19 जनवरी को हुई थी परीक्षा
डिजाइन में स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए 19 जनवरी को यूसीईईडी, सीईईडी 2025 आयोजित किए गए थे। यूसीईईडी परीक्षा बीडीएस के लिए आयोजित की जाती है, जबकि सीईईडी आईआईएससी बैंगलोर, आईआईटी बॉम्बे, आईआईटी दिल्ली, आईआईटी गुवाहाटी, आईआईटी हैदराबाद, आईआईटी जोधपुर, आईआईटी कानपुर, आईआईटी रुड़की, आईआईआईटीडीएम जबलपुर, आईआईआईटीडीएम कांचीपुरम और डिजाइन स्कूलों द्वारा पेश किए जाने वाले एमडीईएस कार्यक्रमों के लिए आयोजित की जाती है।
यूसीईईडी, सीईईडी 2025 के लिए अनंतिम उत्तर कुंजी 21 जनवरी को जारी की गई थी। उम्मीदवारों को 23 जनवरी तक अनंतिम उत्तरों के खिलाफ आपत्तियां उठाने की अनुमति दी गई थी। यूसीईईडी, सीईईडी 2025 के परिणाम अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर तैयार किए जाएंगे।
इस दिन जारी होंगे नतीजे
सीईईडी 2025 के नतीजे 5 मार्च को घोषित किए जाएंगे, जबकि यूसीईईडी 2025 के नतीजे 7 मार्च को घोषित किए जाएंगे। आधिकारिक नोटिस में कहा गया है, "CEED 2025 स्कोर कार्ड 10 मार्च, 2025 से उम्मीदवार पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है। यह परिणाम घोषित होने की तारीख से एक वर्ष की अवधि के लिए वैध है।"