बोर्ड अध्यक्ष साहा ने कहा कि कक्षा 10वीं की टर्म-2 परीक्षा 18 अप्रैल से 06 मई तक आयोजित की जाएंगी। कक्षा 12वीं टर्म-2 की परीक्षाएं दो मई से शुरू होकर एक जून तक चलेंगी। उन्होंने कहा कि दोनों कक्षाओं की बोर्ड टर्म 1 परीक्षा पिछले साल क्रमशः 15 और 16 दिसंबर, 2021 से आयोजित की गई थी।
साहा ने उम्मीद जताई कि जो छात्र 10वीं और 12वीं कक्षा के लिए टर्म-1 परीक्षाओं में उपस्थित हुए थे लगभग वे सभी टर्म-2 परीक्षाओं में भी भाग लेंगे। इनमें 28,000 से अधिक छात्रों के कक्षा 12वीं की परीक्षा में बैठने की उम्मीद है जबकि 43 हजार से अधिक छात्रों ने कक्षा 10वीं की परीक्षाओं के लिए पंजीकरण कराया है।
उल्लेखनीय है कि टीबीएसई की ओर से टर्म-1 परीक्षाओं के परिणाम अभी तक जारी नहीं किए गए हैं और दूसरे टर्म की परीक्षाएं भी शुरू होने वाली हैं। डॉ साहा ने बताया कि बोर्ड की ओर से कक्षा 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं के परिणाम द्वितीय सत्र के बाद घोषित किए जाएंगे। टीबीएसई ने पहले ही दोनों कक्षाओं के कुल पाठ्यक्रम का 30 फीसदी कम कर दिया है। परीक्षा शेष 70 फीसदी पाठ्यक्रम के आधार पर आयोजित की जाएगी।