आईपीयू के बीटेक इलेक्ट्रिॉनिक्स के तीसरे वर्ष के पांच छात्रों अर्णव शर्मा, आशीष, रिषभ मित्तल, आदित्य, तनिष्क नैन की टीम ने इसे तैयार किया है। टीम प्रमुख अर्णव शर्मा ने बताया कि दिल्ली में प्रदूषण एक मुख्य समस्या है। हमारे पास संसाधन और तकनीक है लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी प्रदूषण को नियंत्रित नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में हमने इस तरह के एयर प्यूरीफायर को बनाने का सोचा जो कि लागत में भी कम हो और उसे आसानी से लगाया जा सके। इसके लिए हमने एक स्मार्ट एयर प्यूरीफायर तैयार किया है।
स्मार्ट आइडियाथॉन में टॉप 20 में शामिल रहे
आईपीयू की ओर से दिल्ली में यातायात जाम, कचरा प्रबंधन की समस्या, वायु प्रदूषण, जल संकट और महिलाओं की सुरक्षा जैसी शहरी चुनौतियों के समाधान खोजने के लिए स्मार्ट आडियाथॉन प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसके लिए आईपीयू को देशभर से एक हजार से अधिक प्रविष्टियां मिली थी।
इसका समापन विज्ञान भवन में हुआ था। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य कुछ सबसे प्रतिभाशाली युवा दिमागों को एक मंच प्रदान करना था, जिससे कि वे नवाचार, प्रौद्योगिकी और नए दृष्टिकोणों के साथ शहरी समस्याओं का समाधान खोज सकें। इसमें यह प्रोजेक्ट टॉप 20 में शामिल रहा। अब छात्र इसे अन्य प्रतियोगिता में भी लेकर जाएंगे और इसे स्टार्टअप के रूप में लाने की तैयारी कर रहे हैं।
बिजली के खंभों पर लगाया जा सकता है
यह एक ऐसा एयर प्यूरीफायर है जिसे बिजली के खंभों पर लगाया जा सकता है। इसको लगाने के लिए अलग से किसी ढांचे की आवश्यकता नहीं है। खास बात यह है कि इसको तैयार करने के लिए लागत भी 6 हजार से 8 हजार तक आएगी। इसमें दो सेंसर, फिल्टर व पंखे लगे हैं। अभी इसे प्रोटोटाइप के रुप में बनाया गया है। बिजली के खंभों पर लगाने से यह 50-80 मीटर क्षेत्र की हवा को स्वच्छ बना सकता है। छात्रों का दावा है कि इससे एक घंटे में 8 हजार मीटर क्यूबिक हवा साफ हो सकती है। इसको टेस्ट करने पर पाया कि हवा साफ हो रही है और एक्यूआई बेहतर हुआ है।