Tips: हो सकता है कई बार आपके सामने ऐसी असामान्य परिस्थितियां आ जाएं, जिन्हें आप बगैर किसी की मदद के अपने दम पर ही संभालने की कोशिश करें। आपको लगे कि आप अकेले ही चीजों को संभाल सकते हैं, खासकर किसी ऐसे काम या प्रोजेक्ट में जो आपके लिए बिल्कुल नया हो। वास्तव में, सब कुछ अपने बलबूते ही करने की कोशिश में अनावश्यक तनाव और अमूमन गलतियां भी हो सकती हैं। ऐसे में, अकेले संघर्ष करने के बजाय अक्सर मदद मांगना बेहतर विकल्प होता है। यदि आप किसी से सोच-समझकर और स्पष्ट तरीके से सहायता मांगते हैं, तो इससे आपका आत्मविश्वास और विनम्र व्यवहार ही झलकता है। कुछ बातों का ध्यान रखकर आप ऐसा कर सकते हैं।
मुद्दे की बात
किसी से मदद मांगने में सबसे महत्वपूर्ण आपके बात करने का लहजा होता है। इसलिए स्पष्ट रहें और सीधे मुद्दे की बात करें। मदद के लिए अनुरोध करने के बजाय ऐसे बात करें जैसे आप सामने वाले से कोई जानकारी मांग रहे हों। उदाहरण के लिए कुछ ठोस कहकर शुरुआत करें जैसे कि मैं जिस चुनौती का सामना कर रहा हूं, उस पर आपके विचार जानना चाहता हूं। इससे पता चलता है कि आप सामने वाले की विशेषज्ञता का सम्मान करते हैं और बातचीत को एक सार्थक दिशा देना चाहते हैं।
कमियों को उजागर करने से बचें
मदद मांगते समय अपनी क्षमताओं को कम करके आंकने या कमजोरियों पर ध्यान न दें। ऐसा करके आप अपनी कमियों को उजागर करने से बच पाएंगे। बजाय इसके दूसरे व्यक्ति के कौशल कैसे आपकी जरूरतों को पूरा कर सकते हैं, इस बात पर ध्यान दें। आप उनसे कह सकते हैं कि आपके पास एक बेहतरीन हुनर है, इसलिए आपके सुझाव इस कार्य को और बेहतर बना सकते हैं।
बातों में झलके आत्मविश्वास
बातचीत करने का आपका तरीका आपके आत्मविश्वास का प्रतिबिंब होता है। यदि आप किसी से मदद मांगने जाएं, तो बातचीत की शुरुआत ऐसे वाक्यों से करें, जिनसे आपका आत्मविश्वास झलकता हो। इसके लिए जरूरी है कि आपको वास्तविक समस्या के बारे में अच्छी तरह से पता हो और उससे संबंधित कुछ सुझाव भी आपके पास होने चाहिए। यह दर्शाता है कि आप किसी पर पूरी तरह निर्भर नहीं हैं।
सलाह मांगें
किसी से सीधे मदद मांगने के बजाय उसे सलाह के रूप में जानने का प्रयास करें। किसी समस्या को हल करने के लिए सामने वाले के तरीकों को जानने का प्रयास करें। इससे पता चलता है कि आप उनसे सीखने में वास्तव में रुचि रखते हैं। ऐसा करके आप कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अधिक सक्षम और खुद को नियंत्रित महसूस कर पाएंगे।