सोशल मीडिया वीडियो एप टिकटॉक अब तक सिर्फ लोगों का मनोरंजन करने के लिए जाना जाता रहा है। लेकिन अब यह एप्लिकेशन स्टूडेंट्स को उनकी पढ़ाई में भी मदद करेगा। उन्हें न्यू मीडिया की तकनीक, इसकी चुनौतियों व समाधान को समझने में भी मदद करेगा। इसकी शुरुआत इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (IIMC) से हुई है।
टिकटॉक ने इस संबंध में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (IIMC) के साथ अपनी पार्टनरशिप की घोषणा की है। इस साझेदारी के तहत यह सोशल मीडिया वीडियो एप मीडिया की पढ़ाई कर रहे छात्रों को प्रशिक्षण देगा। टिकटॉक का यह प्रशिक्षण देश व दुनिया में तेजी से बढ़ते सोशल मीडिया के कारण इंडस्ट्री के सामने आने वाली चुनौतियों से संबंधित होगा।
इस साझेदारी के अंतर्गत टिकटॉक और आईआईएमसी स्टूडेंट्स के साथ-साथ प्रोफेसर्स के लिए भी कार्यशालाओं की एक सीरीज का आयोजन करेंगे। इन कार्यशालाओं में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद IIMC के सभी छह क्षेत्रीय कैंपसों से स्टूडेंट्स और प्रोफेसर्स हिस्सा लेंगे।
ये भी पढ़ें ः राष्ट्रपति के सचिव IAS संजय कोठारी ने बताया UPSC में सफल होने का तरीका
टिकटॉक की पब्लिक पॉलिसी (भारत) के निदेशक नितिन सलूजा ने इस बारे में बात करते हुए कहा है कि 'हम ऐसे रिश्ते बनाने में भरोसा रखते हैं जो आगे एक दूसरे के विकास और मदद में कारगर हों। युवा प्रोफेशनल्स को प्रशिक्षण देकर हम उन्हें एक जागरूक डिजिटल सिटिजन बनाना चाहते हैं। साथ ही ऑनलाइन सुरक्षा के मुद्दों को प्रमोट करना चाहते हैं'।
कंपनी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि इन कार्यशालाओं के लिए ऐसा पाठ्यक्रम तैयार किया गया है, जिससे न्यू मीडिया, इंटरनेट आधारित कंपनियों के प्रतिनिधियों के विचारों और सीख स्टूडेंट्स तक पहुंचाई जा सके।
बता दें कि भारत के अलावा बीजिंग, मॉस्को, सियोल, जकार्ता, बर्लिन, लॉस एंजेलेस, सिंगापुर, टोक्यो, लंदन, शंघाई में भी टिकटॉक के कार्यालय हैं।
ये भी पढ़ें ः KBC में एक करोड़ रुपये के लिए अमिताभ ने पूछा ये सवाल, क्या आपको पता है जवाब?