तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने पीएम मोदी को लिखा कि 20,000 से अधिक भारतीय छात्र ऐसे हैं जो युद्ध के कारण यूक्रेन से विस्थापित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इन मेडिकल छात्रों ने पढ़ाई में काफी मेहनत की है साथ ही समय और बड़ी मात्रा में धन भी खर्च किया है। केसीआर ने कहा कि इनमें से ज्यादातर मध्यम वर्ग के परिवारों से हैं, जिनके परिवार अपने बच्चों की मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने की किसी भी उम्मीद के लिए अपनी जीवन भर की बचत को खो देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जंग के कारण अचानक हुए पलायन ने उनके शैक्षणिक करियर को खतरे में डाल दिया है। यूक्रेन में उनकी चिकित्सा शिक्षा अब अधूरी रहने की आशंका है। सीएम ने अपील की कि इन छात्रों की असाधारण परिस्थितियों को देखते हुए, मैं अनुरोध करता हूं कि एक विशेष अवसर के रूप में इन्हें देश के मेडिकल कॉलेजों में समकक्ष सेमेस्टर में शामिल होने की अनुमति दी जा सकती है, ताकि उन्हें अपनी पढ़ाई पूरी करने में मदद मिल सके।