बोर्ड परीक्षा न्यूनतम 50 फीसदी अंक लाना जरूरी
एक आधिकारिक बयान में, जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने कहा है कि आठ स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस एग्जाम – सीयूईटी 2022 के परिणाम के अनुसार जारी किया जाएगा। हालांकि, जामिया की प्रवेश प्रक्रिया के लिए पात्र होने के लिए छात्रों को अपनी संबंधित बोर्ड परीक्षाओं में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे।
यूजीसी और एनटीए को भेजी अधिसूचना
केंद्रीय विश्वविद्यालय जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने यूजीसी के साथ-साथ राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी यानी एनटीए के साथ दाखिला अधिसूचना साझा की है। एनटीए की ओर से ही सीयूईटी परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस संबंध में एनटीए पहले ही सीयूईटी की प्रारंभिक अधिसूचना जारी कर चुका है। एनटीए द्वारा विस्तृत अधिसूचना दो अप्रैल, 2022 को जारी की जाएगी।
सीयूईटी से क्या-क्या नहीं बदला?
इनके अलावा, जामिया के बीटेक पाठ्यक्रमों में प्रवेश पूर्ववत जेईई मेन परीक्षा के स्कोर के आधार पर किए जाएंगे तो बीडीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश नीट परीक्षा के आधार पर किए जाएंगे। वहीं, जामिया मिल्लिया इस्लामिया द्वारा आयोजित पूर्ववर्ती प्रवेश परीक्षा अब आयोजित नहीं की जाएगी। हालांकि, इसके अल्पसंख्यक छात्रों के लिए 50 प्रतिशत सीटों का आरक्षण बरकरार रहेगा और यह स्नातक प्रवेश प्रक्रिया के लिए लागू होगा। जामिया में दाखिले के लिए छात्रों को सीयूईटी परीक्षा फॉर्म के साथ-साथ विश्वविद्यालय का प्रवेश फॉर्म भी भरना होगा। सभी इच्छुक छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक वेबसाइट jmi.ac.in और jmicoe.in पर चेक करते रहें।