तमिलनाडु सरकार दसवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा के छात्रों के लिए 1 अक्टूबर से स्कूल खोलेगी। छात्र स्वैच्छिक आधार पर शिक्षकों से परामर्श लेने के लिए स्कूल जा सकेंगे। स्कूलों को फिर से खोलने को लेकर सूबे की सरकार ने मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी जारी की है। बता दें कि अनलॉक 4.0 के तहत केंद्र सरकार ने 21 सितंबर से नौवीं से लेकर बारहवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए स्कूलों को खोले जाने की अनुमति दी थी। कई राज्यों ने केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत नौवीं से लेकर बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 21 सितंबर से स्कूलों को फिर से खोल दिया है। जबकि, कई राज्यों ने अपने यहां बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए स्कूलों को नहीं खोला है।
इसे भी पढ़ें-NEET UG 2020: आवेदन में सुधार के लिए विंडो फिर से खुली, पढ़िए पूरी खबर
तमिलनाडु सरकार अगले महीने से स्कूलों को खोल रही है। शिक्षकों से परामर्श लेने के लिए स्कूल जाने वाले छात्रों को अभिभावकों से लिखित सहमति लेनी होगी। अभिभावकों से सहमति लेने के बाद ही छात्रों को स्कूल परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। सूबे की सरकार ने स्कूलों को खोले जाने को लेकर जो एसओपी जारी की है उसमें कहा गया है कि 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों को दो बैचों में विभाजित किया जाएगा।
हर दिन सैनिटाइज होगा स्कूल परिसर व फर्नीचर
एक दिन में केवल एक बैच के छात्रों को स्कूल जाने की अनुमति दी जाएगी। पहले बैच को सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को स्कूल जाने की अनुमति होगी और दूसरे बैच को मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को स्कूल जाने की अनुमति दी जाएगी। हर सुबह स्कूल शुरू होने से पहले परिसर व कक्षाओं को सैनिटाइज किया जाएगा। फर्नीचर से लेकर दरवाजे व खिड़कियों को भी सैनिटाइज किया जाएगा ताकि छात्रों की कोरोना वायरस संक्रमण से रक्षा हो सकें।
इसे भी पढ़ें-JNUEE admit card 2020: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी
छह फीट की शारीरिक दूरी का करना होगा पालन
स्कूलों में छात्रों, शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना होगा। प्रत्येक दिन सिर्फ 50 प्रतिशत छात्रों को ही स्कूलों में बुलाया जाएगा। छात्रों को कम से कम 6 फीट की शारीरिक दूरी के नियम का पालन करना होगा। स्टाफ रूम व स्कूल कार्यालय में भी इस नियम का पालन करना होगा।शिक्षकों, छात्रों और सभी गैर-शिक्षण स्टाफ के लिए फेस मास्क अनिवार्य होगा। प्रत्येक छात्र, शिक्षक और अन्य लोगों की थर्मल जांच की जाएगी। छात्रों के बीच नोटबुक, पेन, पेंसिल, व पानी की बोतल आदि चीजें साझा करने की अनुमति नहीं है।