JMI: जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय ने नई शिक्षा नीति (NEP 2020) के तहत पहली बार अपने पाठ्यक्रम और परीक्षा प्रणाली में स्वयं कोर्स को शामिल किया है। स्वयं भारत सरकार का एक ऑनलाइन शिक्षा प्लेटफॉर्म है, जहां छात्र विभिन्न विषयों के कोर्स कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय के अधिकारियों के अनुसार, जामिया ने 280 से अधिक शैक्षणिक कार्यक्रमों की एंड-सेमेस्टर परीक्षाएं और प्रवेश परीक्षाएं भी तय समय में सफलतापूर्वक पूरी कर ली हैं।
20 हजार छात्रों की परीक्षाएं समय पर हुईं संपन्न
विश्वविद्यालय ने बताया कि SWAYAM कोर्स को पढ़ाई में शामिल करना नई शिक्षा नीति के तहत किया गया एक महत्वपूर्ण बदलाव है। इससे छात्रों को अपनी रुचि और जरूरत के अनुसार विषय चुनने की अधिक स्वतंत्रता और सुविधा मिलेगी।
विश्वविद्यालय ने यह भी बताया कि 280 से अधिक स्नातक (UG), स्नातकोत्तर (PG), डिप्लोमा और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों की सेमेस्टर परीक्षाएं 2 मई से 25 मई के बीच आयोजित की गईं। इन परीक्षाओं में लगभग 20,000 छात्रों ने भाग लिया।
परीक्षा नियंत्रक कार्यालय ने छात्रों और शिक्षकों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश (SOP) जारी किए, जिससे उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन और जमा करने का कार्य समय पर पूरा हो सका। इसके परिणामस्वरूप निर्धारित समय सीमा के भीतर लगभग 800 परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। विश्वविद्यालय के अनुसार, समय पर परिणाम, ग्रेड शीट और प्रोविजनल डिग्री जारी होने से छात्रों को उच्च शिक्षा और नौकरी के लिए आवेदन करने में किसी प्रकार की देरी का सामना नहीं करना पड़ा।