दो बच्चों को अनाथालय भेजने के बाद मैंने उसकी पढ़ाई-लिखाई पर ध्यान देना शुरू किया। मैंने उसे बचपन से ही डॉक्टर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। मुझे उसमें अपने संकल्प को पूरा करने की झलक दिखने लगी। बेटे को पढ़ाने और अस्पताल के बनवाने के लिए ज्यादा पैसों की आवश्यकता थी। ऐसे में मैं दिन भर मजदूरी करने के बाद शाम को सब्जियां बेचने लगी। इस तरह रुपये इकट्ठा करने के बाद मैंने हांसपुकुर गांव में एक बीघा जमीन खरीदी।
तब तक मेरा बेटा बड़ा हो चुका था। वर्ष 1993 में मैंने स्थानीय लोगों की सहायता से ह्यूमैनिटी ट्रस्ट का गठन किया और एक अस्थायी क्लीनिक की स्थापना की। अस्थायी क्लिनिक खुलने के बाद कई गांवों के लोगों ने अस्पताल निर्माण में योगदान दिया। इस तरह से वर्ष 1996 में अस्पताल के पक्के भवन का निर्माण हुआ। मेरे बेटे अजय कुमार ने डॉक्टरी की डिग्री लेने के बाद यहीं अस्पताल में काम करना शुरू कर दिया।
अब उसी के साथ मैं इसका प्रबंधन देखती हूं। यहां आने वाले मरीजों का मुफ्त में इलाज किया जाता है। अब तक चंदे और कुछ संगठनों से मिलने वाली आर्थिक सहायता से अस्पताल में करीब 25 बिस्तरों की व्यवस्था कर दी गई है। हालांकि अब भी हम डॉक्टरों की कमी महसूस कर रहे हैं, क्योंकि बेटे के लिए अकेले अस्पताल संभालना मुश्किल हो रहा है। मुझे बेहद खुशी है कि सरकार ने मेरे काम को सम्मान दिया।
इसके बावजूद मुझे ज्यादा खुशी तब होगी, जब दूसरे लोग मेरे काम से प्रेरणा लेकर समाज की बेहतरी के लिए आगे आएंगे। मुझे तो अपने काम का सम्मान उसी दिन मिल गया था, जिस दिन अस्पताल शुरू हुआ था और पहले मरीज का सफलतापूर्वक इलाज हुआ था। मगर मेरा मिशन अभी पूरा नहीं हुआ है। मरीजों की संख्या को देखते हुए अस्पताल में आईसीयू समेत कई अन्य सुविधाओं, डॉक्टरों और कर्मचारियों की जरूरत है। पर मुझे विश्वास है, यहां तक आ गई हूं, तो अब आगे भी कोई न कोई राह जरूर निकलेगी।
(पद्मश्री से सम्मानित समाजसेविका के विभिन्न साक्षात्कारों पर अधारित।)