केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने दसवीं-बारहवीं के विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। विद्यार्थी इस साल कंपार्टमेंट के साथ ही अपने एक विषय के अंकों में सुधार के लिए परीक्षा दे सकेंगे। यह सुविधा केवल इस साल के लिए होगी। दो व उससे ज्यादा विषयों के अंकों में सुधार के लिए अगले साल बोर्ड परीक्षा में बैठना होगा। विषयों की सुधारात्मक परीक्षा अगले साल ही आयोजित की जाती है।
सीबीएसई के अनुसार, नई शिक्षा नीति कहती है कि विद्यार्थियों को विषयों के अंकों में सुधार के लिए कई मौके दिए जाएं। इसको ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने विद्यार्थियों को यह सुविधा देने का फैसला किया है। उदाहरण के लिए यदि कोई विद्यार्थी अपने किसी विषय केअंक में सुधार करना चाहता है तो उसे दसवीं-बारहवीं का रिजल्ट आने के बाद ही आवेदन करना होगा।
इससे वह कंपार्टमेंट की परीक्षा के साथ ही अपने विषय के प्रदर्शन को सुधार सकेगा। यह सुविधा तभी मिलेगा यदि उसने उच्च शिक्षा के लिए कहीं दाखिला नहीं लिया हो। अभी तक यदि कोई विद्यार्थी प्रदर्शन में सुधार करना चाहता है तो उसे अगले साल परीक्षा में बैठना पड़ता है।
विषय में सुधार की परीक्षा के बाद जो अंक प्राप्त होंगे तो वह अंकतालिका में शामिल होंगे। वहीं यदि अंकों में सुधार नहीं होता तो पुराने ही अंक मान्य होंगे। सुधार परीक्षा में बैठने के बाद उन्हें संयुक्त अंकतालिका ही दी जाएगी।