बिहार बोर्ड ने 12वीं के तीनो स्ट्रीम के परीणामों की घोषणा कर दी है। अब परिणाम आने के बाद छात्र-छात्राएं अलग-अलग संस्थानों में दाखिला लेंगे। लेकिन पटना विश्वविद्यालय को छोड़कर राज्य के दूसरे किसी विश्वविद्यालय में सत्र 2020-21 को लेकर कोई सूचना नहीं है, वहीं पटना विवि में आवेदन प्रक्रिया का पूरा कैलेंडर तैयार है। अब बिहार बोर्ड के जो भी विद्यार्थी बी.कॉम, बीए और बीएससी में प्रवेश लेना चाहते हैं, वे 03 अप्रैल, 2020 से ऑनलाइन माध्यम के जरिए आवेदन कर सकते हैं। पटना विवि प्रशासन का कहना है कि नामांकन के लिए आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है। जो विद्यार्थी आवेदन करना चाहते हैं वे अपने मोबाइल या लैपटॉप से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही पेमेंट की प्रक्रिया भी ऑनलाइन हो सकती है। पटना विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर जाकर दाखिले के लिए जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।