फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noida: छात्रों की पसंद तय करेगी सरकारी लाइब्रेरी की किताबें, 30 जुलाई तक गूगल फॉर्म के जरिए देना होगा फीडबैक

Mon, 27 Jul 2026 01:48 PM IST
Akash Kumar नेहा शर्मा
विज्ञापन
library books - फोटो : adobestock
विज्ञापन

Govt Library Books in Noida: अब सरकारी लाइब्रेरी में रखी जाने वाली किताबों का चयन छात्रों और पाठकों की पसंद के आधार पर किया जाएगा। शासन ने लाइब्रेरी को छात्रों की जरूरतों के अनुरूप बनाने के लिए नई पहल शुरू की है। इसके तहत पाठकों से पाठक फीडबैक फॉर्म भरवाया जा रहा है। इसमें छात्र अपनी पसंदीदा किताबों, विषयों और पढ़ने की जरूरतों के बारे में जानकारी दे सकेंगे। 30 जुलाई तक छात्रों को फीडबैक फॉर्म भरकर जमा करना होगा।

विज्ञापन

क्यों लिया गया ये फैसला?

अब तक लाइब्रेरी में पुस्तकों का चयन सामान्य जरूरतों के आधार पर किया जाता था। इस वजह से हजारों ऐसी पुस्तकें उपलब्ध हैं, जो शेल्फ से बाहर तक नहीं निकल पाती हैं। लेकिन नई व्यवस्था में पाठकों की मांग को भी शामिल किया जाएगा। इससे लाइब्रेरी के शेल्फ पर ऐसी पुस्तकें पहुंचेंगी, जिनका छात्र वास्तव में उपयोग करना चाहते हैं।

गूगल फॉर्म में देनी होगी क्या जानकारी?

फीडबैक फॉर्म के जरिए छात्रों से पूछा जा रहा है कि वो लाइब्रेरी सदस्य हैं या नहीं, नियमित रूप से आते हैं या कभी-कभी, किसी प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, किस भाषा में पुस्तक पढ़ना चाहते हैं, किस प्रकार की पुस्तकें पुस्तकालय से प्राप्त करना चाहेंगे। प्राप्त सुझावों के आधार पर शासन स्तर से पुस्तकों का चयन कर लाइब्रेरी में भेजा जाएगा।

आज नोटिस बोर्ड पर लगेगा क्यूआर कोड

लाइब्रेरी संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि फीडबैक फॉर्म का क्यूआर कोड प्रिंट कर नोटिस बोर्ड, रीडिंग रूम और मुख्य काउंटर पर लगाया जाए। लाइब्रेरी आने वाले सभी पाठकों और पंजीकृत सदस्यों से क्यूआर कोड स्कैन कर फॉर्म भरवाने की अपील की गई है। फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 30 जुलाई निर्धारित की गई है। अधिकारियों का कहना है कि छात्रों की रुचि के अनुसार किताबें उपलब्ध होने से पढ़ने की आदत को बढ़ावा मिलेगा।

अधिकारी का वक्तव्य

"गूगल फॉर्म छात्रों से भरवाने का काम शुरू हो जाएगा। इससे छात्रों को अपनी जरूरत के हिसाब से किताबें मिल सकेंगी। छात्र अपनी जरूरत के हिसाब फॉर्म जानकारी दे सकेंगे।"
- रघुराज भाटी (प्रभारी, डिस्ट्रिक्ट लाइब्रेरी)
विज्ञापन

आज लगेगा पुस्तक मेला

डिस्ट्रिक्ट लाइब्रेरी में सोमवार को पुस्तक मेला लगेगा। इसमें लाइब्रेरी में उपलब्ध किताबों की जानकारी छात्रों को दी जाएगी। पिछले एक महीने में बड़ी संख्या में लाइब्रेरी में नई-नई पुस्तकें आई हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें