कोरोना वायरस की वजह से ओडिशा में स्कूल और कॉलेज जुलाई के अंत तक बंद रहेंगे। यह फैसला सूबे की सरकार ने कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर लिया है। ओडिशा के मुख्य सचिव एके त्रिपाठी ने लॉकडाउन 5.0 के दिशानिर्देशों की घोषणा करते हुए स्कूल और कॉलेजों के जुलाई आखिर तक बंद रहने की जानकारी दी। गौरतलब है कि इससे पहले सूबे के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने 17 जून तक सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने की घोषणा की थी। अब इसे जुलाई तक बढ़ा दिया गया है।
इसे भी पढ़ें-यूजीसी ने कहा- विश्वविद्यालय और कॉलेज स्थिति सामान्य होने तक फीस के लिए विद्यार्थियों पर न बनाएं दबाए
अब सूबे के स्कूल और कॉलेज एवं अन्य शैक्षणिक संस्थान 31 जुलाई तक बंद रहेंगे। बढ़ते हुए कोरोना वायरस के मामलों को देखते हुए ओडिशा ने नागरिकों को लॉकडाउन नियमों में ढील नहीं दी है। सरकार ने जून तक हर हफ्ते 11 जिलों में दो दिन बंद लागू करने की घोषणा की है। इस दौरान सभी सामाजिक सभाएं और कार्यक्रम भी नहीं होंगे। मुख्य सचिव एके त्रिपाठी का कहना है कि सूबे में 30 जून तक धार्मिक कार्यक्रमों को भी इजाजत नहीं दी जाएगी। राज्य के सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान 31 जुलाई तक बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि सूबे में रात 9 बजे से सुबह 5 बजे के बजाय शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक कर्फ्यू जारी रहेगा।