School Holiday in Uttrakhand: उत्तराखंड के दो जिलों में अवकाश घोषित
मौसम विभाग के अलर्ट के बाद उत्तराखंड के चंपावत और चमोली जिलों में जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए कक्षा 12वीं तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा और खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए लिया गया है।
School Holiday in Himachal: शिमला और कुल्लू में भारी बारिश के कारण शिक्षण संस्थान बंद
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन की स्थिति को देखते हुए शिमला, सोलन, सिरमौर, कुल्लू, बिलासपुर, कांगड़ा, चंबा जिले में बुधवार को भी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी कर दी गई है। वहीं, ऊना जिले के बंगाणा में शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। शिमला, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, कांगड़ा, चंबा जिले में बुधवार को सभी स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, आंगनबाड़ी आदि बंद रहेंगे, जबकि कुल्लू जिले में 3 और 4 सितंबर को अवकाश घोषित किया गया है। इस अवधि में ऑनलाइन कक्षाएं अनिवार्य रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
School Closed In Punjab: पंजाब में भी अवकाश
पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने एक्स (X) पर पोस्ट कर जानकारी दी कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार राज्य के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और निजी स्कूल 3 सितंबर तक बंद रहेंगे।
भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पहले 25 अगस्त को छुट्टी की घोषणा की गई थी, जिसे बाद में 30 अगस्त तक बढ़ा दिया गया। अब लगातार खराब मौसम के चलते अवकाश को फिर से बढ़ाकर 3 सितंबर कर दिया गया है।
School Holiday In Jhajjar: झज्जर जिले में भी अवकाश
हरियाणा के झज्जर जिले में भी भारी बारिश से जलभराव की स्थिति बन गई है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आमजन की सुरक्षा के लिए आदेश जारी करते हुए कहा है कि 3 सितंबर को जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल तथा आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
School Closed in Chandigarh: चंडीगढ़ के सभी स्कूल बंद
चंडीगढ़ में 3 सितंबर (बुधवार) को स्कूलों को बंद करने की घोषणा की गई है। चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से इस संबंध में मंगलवार शाम आदेश जारी किए हैं। हालांकि, गैर-शैक्षणिक कार्यों के लिए अगर स्कूल प्रबंधन चाहे तो वह शिक्षकों को बुला सकता है।