साइबर स्वच्छता, जागरूकता और त्वरित कार्रवाई पर विशेषज्ञों ने दिया जोर
डीयू रजिस्ट्रार डॉ. विकास गुप्ता ने कहा आयोजनों के साथ प्रैक्टिकल काम की भी जरूरत है। वहीं इंडियन साइबर क्राइम को-ऑर्डिनेशन सेंटर (14सी) के निदेशक निशांत कुमार ने सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न जानकारी देते हुए कहा कि सभी को साइबर स्वच्छता के विषय में भी जानना जरूरी है। उन्होंने कहा, हम लोग लालच, डर और लापरवाही से साइबर क्राइम को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने साइबर क्राइम का शिकार होने पर घबराने की बजाए तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की सलाह दी।
डीयू में यह जागरूकता अभियान एक महीने तक चला। बुधवार को इसके समापन समारोह की अध्यक्षता दिल्ली यूनिवर्सिटी कंप्यूटर सेंटर (DUCC) के निदेशक प्रो संजीव सिंह ने की। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत डीयू कम्यूनिटी तक 1.32 करोड़ से ज्यादा साइबर जागरूकता संदेश भेजे गए, जिससे युवाओं को जानकारी और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के जरिए बढ़ते ऑनलाइन खतरों से निपटने में मदद मिली। समापन समारोह में विजेता छात्र फिल्म का प्रदर्शन व वाद-विवाद विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।