जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय प्रबंधन ने प्रो. कविता सिंह को अकेडमिक काउंसिल से डिबार कर दिया है। कुलपति ने सोमवार को एग्जीक्यूटिव काउंसिल की बैठक में रोक के बाद भी वीडियोग्राफी करने पर यह फैसला किया है। सूत्रों के मुताबिक, प्रबंधन नियमों को तोड़ने पर उन्हें स्कूल ऑफ आर्ट एंड एस्थेटिक के डीन के पद से भी हटाना चाहता था। मगर शिक्षकों के विरोध के कारण जांच कमेटी की रिपोर्ट आने तक काउंसिल की बैठक से डिबार किया है।
दरअसल, कैंपस में सोमवार को एग्जीक्यूटिव काउंसिल की बैठक काउंसिल चेयरमैन व कुलपति प्रो. एम जगदीश कुमार की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान मई 2018 में आयोजित एकेडमिक काउंसिल की बैठक में प्रस्ताव पास करने के नाम पर छात्र व शिक्षक हंगामा कर रहे थे। प्रो. कविता सिंह ने बैठक की वीडियोग्राफी शुरू कर दी। जबकि काउंसिल बैठक में वीडियोग्राफी की मनाही होती है। चेतावनी के बाद भी वह लगातार वीडियो बनाती रहीं।