पब्लिक स्कूलों ने एक ओर जहां सरकार के इस निर्णय को कोर्ट में चुनौती दी है, वहीं पब्लिक स्कूल हड़ताल पर भी चले गए थे, लेकिन कोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए पब्लिक स्कूलों को तत्काल प्रभाव से स्कूल खोलने के निर्देश दिए थे। जिससे रुड़की में पांच अप्रैल से स्कूल खुल गए। जिससे पब्लिक स्कूल पूरी तरह बैकफुट पर नजर आ रहे है।
अब इसके बाद पब्लिक स्कूल नये पैंतरेबाजी अपना रहे है। कुछ स्कूलों ने सरकार के कड़े रुख को देखते हुए एनसीईआरटी की पुस्तकें लागू कर दी है, लेकिन कुछ स्कूलों ने इसमें भी पैंतरेबाजी शुरू कर दी है। स्कूलों ने एनसीईआरटी की पुस्तकों के साथ साइड बुक अनिवार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही इन बुकों की सूची स्कूलों से अभिभावकों को उपलब्ध कराई जा रही हैं।
पब्लिक स्कूलों में एनसीईआरटी की पुस्तकों के साथ कोई अन्य साइड बुक नहीं लगाई जाएगी। यदि ऐसा कहीं हो रहा है, तो वह गलत है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक, ब्रह्मपाल सिंह सैनी
साइड बुक लगाने को लेकर शिक्षा मंत्री से शिकायत
साइडबुक को लेकर शिक्षा मंत्री से एक अभिभावक ने शिकायत की है। एक अभिभावक का बच्चा भगवानपुर क्षेत्र के एक शिक्षण संस्थान में पढ़ता है। अभिभावक ने शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे को फोन पर शिकायत करते हुए बताया कि स्कूल में एनसीईआरटी की पुस्तकों के साथ साइडबुक अनिवार्य की जा रही है। इससे छोटी कक्षा के बच्चे की किताबें भी करीब तीन से चार हजार की आ रही हैं। जिससे अभिभावकों पर अतिरिक्त बोझभार बढ़ रहा हैं। शिक्षा मंत्री ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।