केंद्रीय मानव विकास संसाधन मंत्रालय की संस्था एनआईआरएफ (नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क) ने देश भर के शिक्षण संस्थानों की रैंकिंग की सूची जारी कर दी। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) इस बार देश के टॉप 100 विश्वविद्यालयों की सूची में जगह नहीं बना सका।
वहीं, पिछले साल मुकाबले इस बार मोती लाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) सात पायदान नीचे चला गया। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी (ट्रिपल आईटी), इलाहाबाद ने पहली बार टॉप-100 में जगह बनाई, लेकिन उसे 90वां स्थान मिला।
एनआईआरएफ की रैंकिंग में इलाहाबाद विश्वविद्यालय की साख लगातार गिरी है। वर्ष 2017 की रैंकिंग सूची में इलाहाबाद विश्वविद्यालय 27 पायदान नीचे चला गया था। इस बार सुधार की उम्मीद थी लेकिन इविवि को तगड़ा झटका लगा और देश के टॉप-100 विश्वविद्यालयों की सूची में उसे बाहर कर दिया गया।
वहीं, एमएनएनआईटी को इस बार इंजीनियरिंग कॉलेजों की श्रेणी में 48वां स्थान मिला, जबकि पिछली बार 41वां स्थान था। ट्रिपल आईटी ने इंजीरियरिंग कॉलेजों की श्रेणी में पहली बार टॉप-100 में जगह बनाते हुए 90वां स्थान अर्जित किया।