चुनौतियां आपको मजबूत बनाती हैं
फ्रिडमैन ने संघर्ष कर रहे युवाओं के लिए एक सवाल किया, जिस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि धैर्य और आत्मविश्वास सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने कहा, "रात कितनी भी अंधेरी क्यों न हो, सुबह आनी ही है।" इसका मतलब है कि कठिनाइयां स्थायी नहीं होतीं, लेकिन हमें अपने आत्मविश्वास को बनाए रखना होगा।
कठिनाइयों से घबराएं नहीं, उनसे सीखें
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि जीवन में आने वाली कठिनाइयां हमारी परीक्षा लेने के लिए होती हैं, हमें हराने के लिए नहीं। कठिन परिस्थितियां हमें मजबूत बनाती हैं, हमें निखारती हैं और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
उन्होंने कहा कि हर चुनौती को एक अवसर की तरह देखना चाहिए, क्योंकि मुश्किल समय हमें नई चीजें सिखाता है और हमारे व्यक्तित्व को बेहतर बनाता है।
जीवन में शॉर्टकट से बचें
प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को शॉर्टकट से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर अक्सर एक चेतावनी लिखी होती है: "शॉर्टकट आपको छोटा कर देगा।"
उन्होंने कहा, "अगर आप मेहनत से बचने के लिए शॉर्टकट अपनाते हैं, तो यह आपके विकास को रोक सकता है। सफलता के लिए धैर्य और दृढ़ता जरूरी है। हमें अपनी जिम्मेदारियों को पूरे मन और जुनून के साथ निभाना चाहिए। यात्रा का आनंद लें और उसमें पूर्णता खोजें।"
सीखना कभी बंद न करें
पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि सीखने की प्रक्रिया कभी नहीं रुकनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कई लोग सोचते हैं कि उन्होंने बहुत कुछ सीख लिया है और अब और सीखने की जरूरत नहीं है, लेकिन यह सोच गलत है।
“जब तक मैं जीवित हूँ, मेरा एक उद्देश्य होना चाहिए। शायद मैं सीखते रहने और आगे बढ़ने के लिए ही जीवित हूं।”
उन्होंने अपने बचपन का एक उदाहरण देते हुए बताया कि वे अपने पिता की चाय की दुकान पर बैठकर लोगों को देखा करते थे। वहां आने वाले ग्राहकों के बोलने का तरीका, हाव-भाव और व्यवहार देखकर उन्होंने बहुत कुछ सीखा।
बनने के बजाय कुछ करने का सपना देखें
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि अधिकतर लोग कुछ बनने का सपना देखते हैं, लेकिन असली सफलता कुछ करने में है।
“अगर आपका सपना कुछ पाने या कुछ बनने का है और वह पूरा नहीं होता, तो निराशा होगी। लेकिन अगर आपका सपना कुछ करने का है, तो आप लक्ष्य के करीब पहुंचने पर भी संतुष्ट महसूस करेंगे और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित रहेंगे।”
उन्होंने समझाया कि जीवन में "मैं क्या दे सकता हूं?" इस सोच को अपनाना चाहिए, न कि "मुझे क्या मिला?" असली संतोष तब आता है जब हम समाज के लिए योगदान देते हैं।