पंजाब विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन स्वास्थ्य काउंसलिंग सेवा जारी की है। लॉकडाउन के मद्देनजर विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ख्याल रखने के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग सेवा जारी की गई है। विश्वविद्यालय ने छात्रों के भावनात्मक और शारीरिक स्वास्थ्य का ख्याल रखने के लिए यह सेवा जारी की है।
व्हॉट्सएप और फोन पर विद्यार्थी ले सकते हैं काउंसलिंग
विश्वविद्यालय की तरफ से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि यूनिवर्सिटी ने जो हेल्पलाइन सर्विस जारी की है उसके तहत विद्यार्थी, विशेषज्ञों से व्हॉट्सएप और फोन के जरिए सलाह ले सकते हैं। विद्यार्थी इस काउंसलिंग सेवा के जरिए लॉकडाउन के दौरान होने वाले मानसिक तनाव और अवसाद को दूर कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें-हिमाचल शिक्षा बोर्ड ने बारहवीं कक्षा की बची परीक्षाओं को लेकर दिया ये बड़ा बयान
विद्यार्थी इस ऑनलाइन काउंसलिंग सेवा के जरिए विशेषज्ञों से मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के साथ ही योग, मोटिवेशन, न्यूट्रिशन डाइट और जीवनशैली प्रबंधन के टिप्स ले सकते हैं। गौरतलब है कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए देश में तीन मई तक लॉकडाउन लगाया गया है। लॉकडाउन के दौरान सभी स्कूल, कॉलेज और उच्च शिक्षण संस्थान बंद हैं। यूजीसी पहले ही सभी विश्वविद्यालयों को निर्देश दे चुका है कि लॉकडाउन के दौरान विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य का ख्याल रखने के लिए हेल्पलाइन सेवा शुरू की जाए।
बता दें कि भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले मरीजों की संख्या 14,378 पहुंच गई है और मरने वालों की संख्या 480 हो गई है।