दिल्ली विश्वविद्यालय ने दिल्ली उच्च न्यायालय को बताया कि यूजी पाठ्यक्रमों के लिए ओपन बुक परीक्षा 10 जुलाई से शुरु कराने का निर्णय किया गया है। विद्यार्थियों को इस बात की जानकारी दे दी गई है। अगर कोई विद्यार्थी ओपन बुक परीक्षा में शामिल नहीं हो पाता है, तो उसे सितंबर में उपस्थित होकर परीक्षा की अनुमति दी जाएगी।
डीयू ने कोर्ट में यह बात सोमवार को कही। विश्वविद्यालय का कहना है कि अगर कोई विद्यार्थी प्रश्नपत्र डाउनलोड करते और उत्तर पुस्तिका अपलोड करने में विफल रहता है, तो उसे छूट दी जाएगी। सोमवार को न्यायमूर्ति हीमा कोहली एवं न्यायमूर्ति सुब्रमण्यम प्रसाद की पीठ ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए इस मामले की सुनवाई की।
डीयू के ही एक दूसरे मामले में भी सुनवाई होनी है जिसके लिए कोर्ट ने 9 जुलाई की तारीख तय की है। दरअसल, कोर्ट में ऑनलाइन परीक्षा के संचालन को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान डीयू ने अदालत को यह बताया कि ओपन बुक परीक्षा 10 जुलाई से होगी और जो विद्यार्थी इन परीक्षाओं को नहीं दे पाएंगे, वो सितंबर में उपस्थित होकर परीक्षाएं दे सकते हैं। बता दें कि दिल्ली विश्वविद्यालय में ऑनलाइन ओपन बुक एग्जाम का विरोध हो रहा है। इन परीक्षाओं को लेकर शनिवार से मॉक टेस्ट भी शुरू हो चुका है। मॉक टेस्ट में विद्यार्थियों ने कई तकनीकी समस्याएं आने की बात भी कही है।