गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) में शैक्षिक सत्र 2018-19 में दाखिले के लिए बीते 15 फरवरी से प्रस्तावित आवेदन प्रक्रिया मंगलवार को शुरू हो गई। प्रशासन ने दाखिले की संपूर्ण जानकारी के लिए दाखिला ब्रोशर (प्रोस्पेक्टस) भी जारी कर दिया। आईपीयू में उपलब्ध पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए 1000 रुपये का भुगतान करके वेबसाइट www.ipu.ac.in से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
आईपीयू के 11 यूनिवर्सिटी स्कूल और 120 संबद्ध कॉलेजों में लगभग 33 हजार सीटों के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू हुई है। ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत कुछ कोर्स में 10 अप्रैल, कुछ में 1 मई व कुछ में 15 मई तक आवेदन किए जा सकेंगे। प्रशासन ने साथ ही दाखिले के लिए होने वाले कॉमन एंट्रेस टेस्ट (सीईटी) का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय आवेदकों को आधार नंबर भी भरना होगा। प्रशासन ने दाखिला ब्रोशर, आवेदन के लिए ऑनलाइन लिंक, सीईटी शेड्यूल, आवेदन की अंतिम तिथि व अन्य जानकारी आईपीयू की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी है।
काउंसलिंग का शेड्यूल भी जारी
आईपीयू में 10 कोर्स में ऑनलाइन काउंसलिंग होगी, जबकि बाकी में दाखिले ऑफलाइन काउंसलिंग के माध्यम से होंगे। ऑनलाइन काउंसलिंग बीटेक, बीबीए, बीसीए, बीकॉम ऑनर्स, बीजेएमसी, एलएलबी, बीएड, एमबीए, एमसीए के लिए है। काउंसलिंग के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 8 से 15 जून तक चलेगी। काउंसलिंग के तीन राउंड होंगे। इनमें च्वाइस फिलिंग का पहला राउंड 8 से 16 जून तक चलेगा।