उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एक नवंबर के अपराह्न से शुरू होगा। सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी उत्तर प्रदेश की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि ऑनलाइन पंजीकरण एक नवंबर से शुरू होकर 20 नवंबर तक चलेगा। अभ्यर्थी निर्धारित माध्यम से आवेदन शुल्क 21 नवंबर तक जमा कर सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन पूरा करने के बाद पूर्ण आवेदन का प्रिंट 22 नवंबर तक लिया जा सकेगा।
सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी अनिल भूषण चतुर्वेदी ने बताया कि एक बार आवेदन के बाद अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन में दर्ज प्रविष्टियों में संशोधन का अवसर नहीं मिलेगा। इसके लिए अभ्यर्थी पंजीकरण को फाइनल सेव करने से पूर्व ऑनलाइन अंकित प्रविष्टियों का अभिलेखों से मिलान कर लें।
शैक्षिक अर्हता के आधार पर कोई अभ्यर्थी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर, दोनों परीक्षाओं में शामिल होना चाहता तो उसे एक ही आवेदन से दोनों प्रश्नपत्रों के परीक्षा के चयन की सुविधा उपलब्ध होगी। अभ्यर्थी को प्रति प्रश्न, परीक्षा की दर से निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करना होगा। सचिव की ओर से अभ्यर्थियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि वह एक से अधिक आवेदन न करें, नहीं तो उनको परीक्षा में शामिल होने से रोका जा सकता है।
ऑनलाइन आवेदन के लिए शैक्षिक अर्हता, आवेदन शुल्क, पाठ्यक्रम संरचना, परीक्षा अवधि, स्वरूप एवं अन्य शर्तों सहित सभी दिशा निर्देश एनआईसी लखनऊ की ओर से जारी वेबसाइट पर उपलब्ध है। एनआईसी की ओर से जारी वेबसाइट
http://upbasiceduboard.gov.in/ पर पंजीकरण फार्म, आवेदन शुल्क जमा करने के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का लिंक एवं ऑनलाइन आवेदन पत्र उपलब्ध है।
आवेदन ऑनलाइन माध्यम के अतिरिक्त किसी दूसरे माध्यम से स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन के लिए निर्धारित शुल्क जमा किए जाने के बाद ऑनलाइन आवेदन के सभी चरणों शैक्षिक अर्हता, फोटो, हस्ताक्षर अपलोड कर आवेदन पूरा करने के बाद ही आवेदन पूर्ण एवं स्वीकार किया जाएगा। अधूरे आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
महत्वपूर्ण तिथियां
- ऑनलाइन पंजीकरण प्रारंभ होने की तिथि --- एक नवंबर
- ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि---- 20 नवंबर
- निर्धारित माध्यम से आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि---21 नवंबर
- ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करने एवं पूर्ण आवेदन का प्रिंट लेने की अंतिम तिथि--- 22 नवंबर
- उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)- 2019 परीक्षा तिथि---22 दिसंबर