ओडिशा बोर्ड दसवीं कक्षा का रिजल्ट 30 जून को जारी कर सकता है। हालांकि अभी बोर्ड की तरफ से दसवीं के रिजल्ट की तिथि जारी नहीं की गई है। लेकिन माना जा रहा है कि बोर्ड दसवीं कक्षा के रिजल्ट को 30 जून तक जारी कर सकता है। आपको बता दें कि इस साल कोरोना वायरस की वजह से दसवीं कक्षा की परीक्षा नहीं हुई हैं और विद्यार्थियों को आंतरिक मूल्यांकन के जरिए दसवीं में पास करके ग्यारहवीं कक्षा में डाला जाएगा।
इसे भी पढ़ें-महाराष्ट्र स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय: स्नातकोत्तर के लिए आखिर वर्ष की परीक्षाएं स्थगित
दसवीं का रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र बोर्ड ऑफ सकेंड्री एजुकेशन (BSE) की आधिकारिक वेबसाइट bseodisha.ac.in व bseodisha.nic.in के जरिए अपना रिजल्ट देख सकेंगे। बोर्ड ने दसवीं कक्षा के लिए वैकल्पिक मूल्यांकन विधि और पासिंग मानदंड भी जारी किए हैं। दसवीं कक्षा के रिजल्ट में आंतरिक मूल्यांकन नौवीं कक्षा की छमाही और वार्षिक परीक्षा एवं दसवीं कक्षा की प्रैक्टिकल परीक्षा में प्राप्त अंकों को आधार बनाया जाएगा। आपको बता दें कि कोरोना वायरस की वजह से सीबीएसई के साथ ही कई अन्य राज्य बोर्ड ने भी इस साल दसवीं कक्षा की परीक्षा को रद्द कर दिया है और बारहवीं की परीक्षा को स्थगित कर दिया है। दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को आंतरिक मूल्यांकन के जरिए पास किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें-केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड: 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए काउंसलिंग एप लॉन्च
ओडिशा बोर्ड दसवीं के रिजल्ट में 40 फीसदी वेटेज नौवीं कक्षा में प्राप्त अंकों और 60 फीसदी वेटेज दसवीं के प्रैक्टिकल में प्राप्त अंको को बनाएगा। इसी आधार पर दसवीं कक्षा के छात्रों को इस साल पास किया जाएगा। दसवीं कक्षा के जो विद्यार्थी इस मूल्यांकन विधि और मार्किंग सिस्टम से संतुष्ट नहीं होंगे, वे कोरोना वायरस की वजह से पैदा हुई स्थिति के ठीक होने के बाद दसवीं की ऑफलाइन परीक्षा में बैठ सकते हैं।