Odisha Government: ओडिशा में कॉलेज कैंटीन के खाने में बदलाव करने की तैयारी है। सरकार ने छात्रों के लिए हेल्दी फूड को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ज्यादा तेल में बनने वाले नाश्ते से दूरी बनाने को कहा है।
सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों के प्रिंसिपलों को कैंटीन के मेन्यू पर ध्यान देने और पूरी, वड़ा व बोंडा जैसी तली हुई चीजों की जगह कम तेल वाले विकल्प रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उच्च शिक्षा विभाग के डिप्टी सेक्रेटरी रमेश चंद्र बेहेरा ने शुक्रवार को इस बारे में कॉलेजों के प्रिंसिपलों को पत्र लिखा। पत्र में बेहेरा ने कहा कि कोविड-19 महामारी के बाद से दुनिया को बार-बार सप्लाई चेन में रुकावटों और संकटों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में यूक्रेन और ईरान में हुए संघर्षों के कारण भी भोजन, खाद और ईंधन की सप्लाई से जुड़ी दिक्कतें पैदा हुई हैं।
उन्होंने लिखा, "दुनिया का कोई भी देश इस संकट के आर्थिक असर से अछूता नहीं है।"
यह बताते हुए कि कई देशों ने ईंधन की मांग कम करने के लिए कदम उठाए हैं, बेहेरा ने कहा कि भारत भी इस लंबे समय से चल रहे संकट के "नकारात्मक नतीजों" का सामना कर रहा है।