ओडिशा उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीएचएसई) जल्द बारहवीं कक्षा का रिजल्ट जारी करने के लिए मूल्यांकन मानदंड तय करेगा। बोर्ड ने इसके लिए एक समिति का गठन किया है। यह समिति 14 सदस्यों वाली है और इसको 10 दिन के भीतर बोर्ड को मूल्यांकन मानदंड पर अपनी रिपोर्ट सौंपनी है। आपको बता दें कि कोरोना वायरस की वजह से बोर्ड ने बारहवीं कक्षा की परीक्षा को रद्द कर दिया था। अब बारहवीं के रिजल्ट के लिए मूल्यांकन मानदंड तय होना है।
बोर्ड की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि सरकार के आदेशों के अनुसार, बारहवीं कक्षा के रिजल्ट के लिए मूल्यांकन मानदंड का सुझाव देने के लिए एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया गया है। यह विशेषज्ञ समिति दस दिन के भीतर मूल्यांकन मानदंड क्या होने चाहिए और क्या रखे जाने चाहिए इस पर बोर्ड को अपनी रिपोर्ट देगी। ओडिशा बोर्ड ने 4 जून को बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को रद्द कर दिया था। दरअसल, इससे पहले 1 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीबीएसई बोर्ड की बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा की थी। इसके बाद से अन्य राज्यों के बोर्ड पर बारहवीं कक्षा की परीक्षा को रद्द करने का दबाव बढ़ गया था। इसके बाद सीआईसीएसई सहित कई राज्यों के बोर्ड ने अपने यहां की बारहवीं कक्षा की परीक्षा को रद्द कर दिया था।
ओडिशा बोर्ड की बारहवीं कक्षा की परीक्षाएं 18 मई से शुरू होनी थी, लेकिन उस वक्त इनको कोरोना वायरस के कारण स्थगित कर दिया था। बाद में बोर्ड ने बारहवीं कक्षा की परीक्षा को रद्द करने की घोषणा की। बोर्ड पहले ही दसवीं कक्षा के रिजल्ट के लिए मूल्यांकन मानदंड तय कर चुका है। दसवीं कक्षा का रिजल्ट नौवीं और दसवीं में विद्यार्थियों द्वारा प्राप्त अंकों के आधार पर बनाया जाएगा।