एक-दो दिन में जारी हो सकती है नीट यूजी अधिसूचना
मीडिया रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि नीट यूजी 2022 प्रवेश परीक्षा के लिए पंजीकरण की आधिकारिक विंडो जल्द ही एनटीए द्वारा अधिसूचना जारी करने के साथ ही शुरू होने की उम्मीद है। कुछ में तो संभावित तारीखों की घोषणा तक की गई है। हालांकि, आधिकारिक अधिसूचना अभी जारी नहीं हुई है। उम्मीद है कि अधिसूचना एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट nta.ac.in और neet.nta.nic.in पर एक-दो दिन में जारी हो सकती है।
अधिसूचना जारी होने पर आएगा विस्तृत शेड्यूल
सूत्रों के मुताबिक अधिसूचना को आज-कल में ही जारी किया जा सकता है। साथ ही आवेदन प्रक्रिया भी अप्रैल में शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अधिसूचना जारी होने के बाद उम्मीदवारों को परीक्षा का विस्तृत शेड्यूल प्राप्त होगा। इसके बाद ही परीक्षा की वास्तविक तारीखें पता लग सकेंगी। विभिन्न रिपोर्ट के मुताबिक नीट परीक्षा का आयोजन 17 जुलाई को किया जा सकता है।
NEET UG आयोजन में बोर्ड परीक्षाओं के कारण हो रही देरी
एनटीए की ओर से एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट यूजी परीक्षा आयोजित की जानी है। लगभग 16 लाख छात्रों को नीट यूजी परीक्षा की तारीखों के एलान का इंतजार है। अधिसूचना जारी होने के बाद ही परीक्षा की तारीख का पता लग पाएगा। ऐसा माना जा रहा है कि बोर्ड परीक्षाओं के लंबा खिंचने के कारण नीट परीक्षा के आयोजन में देरी हो रही है। अधिसूचना से जुड़ी कोई भी जानकारी एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर दी जाएगी।