इंजीनियरिंग के स्नातक कोर्सेज (BTech/ BE / BPlanning /BArch) के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (Joint Entrance Examination - JEE Main January 2020) का आयोजन 6 से 9 जनवरी 2020 तक किया गया था। तब से ही अभ्यर्थियों को परीक्षा की आंसर-की और अपने ओएमआर शीट जारी होने का इंतजार है। परीक्षा के पांच दिनों के अंदर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA - National Testing Agency) ने जेईई मेन की आंसर-की और अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट जारी कर दी है।
आंसर-की जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को उस पर आपत्ति दर्ज करने का भी मौका दिया गया है। आपत्ति दर्ज करने के लिए ऑनलाइन विंडो सिर्फ दो दिनों के लिए खोला गया है। अभ्यर्थी 15 जनवरी 2020 की रात 11.50 बजे तक आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। आपत्ति दर्ज करने के लिए प्रति सवाल एक हजार रुपये शुल्क देना होगा। सभी आपत्तियों की जांच व निराकरण के बाद एनटीए फाइनल आंसर-की जारी करेगा। उसी के आधार पर परिणाम भी जारी किए जाएंगे।
बता दें कि जनवरी 2020 में हुए जेईई मेन में देशभर से करीब 11 लाख अभ्यर्थी इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर और प्लानिंग की परीक्षाओं में शामिल हुए। परीक्षा का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA - National Testing Agency) ने किया। एनटीए द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, इसके परिणाम की घोषणा 31 जनवरी 2020 को की जाएगी।