दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिले की प्रक्रिया जारी है। वहीं, एनसीवेब (नॉन कॉलिजऐट वूमेन एजुकेशन बोर्ड) में दाखिले के लिए छात्राओं के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। दरअसल, बीते साल के मुकाबले इस दोगुने आवेदन आए हैं। ऐसे में एक-एक सीट के लिए जद्दोजहद होगी। लगभग 12 हजार सीटों पर दाखिले के लिए लगभग डेढ़ लाख आवेदन आए हैं।
बीते साल की बात करें तो यह आंकड़ा 50 हजार था। एनसीवेब की पहली कटऑफ लिस्ट 30 जून शनिवार को जारी होगी। इस सूची के तहत दाखिले शनिवार से ही शुरू होंगे जोकि 3 जुलाई तक चलेंगे। दूसरी कटऑफ 6 जुलाई को जारी होगी। इसके दाखिले 6 से 9 जुलाई तक होंगे। तीसरी कटऑफ 12 जुलाई को आएगी, दाखिले 12 से 14 जुलाई तक होंगे। चौथी लिस्ट 18 जुलाई को निकाली जाएगी, दाखिले के लिए 18 से 20 जुलाई तक का समय मिलेगा। जबकि पांचवीं कटऑफ की बात करें तो 24 को जारी होगी। इसके तहत होने वाले दाखिले 24 से 26 जुलाई तक होंगे।
बोर्ड की कार्यवाहक निदेशक डॉ. अंजू गुप्ता ने कहा कि इस बार बीते साल के मुकाबले अच्छा रिस्पांस छात्राओं की तरफ से मिला है। यहां 90 फीसदी से अधिक वाले भी आवेदन करते हैं। इस बार डेढ़ लाख छात्राओं ने आवेदन किया है। ऐसे में कटऑफ बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, वह रेगुलर कॉलेज से कम ही होगी। बीए प्रोग्राम में 93,720 व बीकॉम के लिए 85,728 आवेदन आए हैं। बोर्ड के हर सेंटर में बीए की 284 और बीकॉम में 184 सीटें हैं। उल्लेखनीय है कि एनसीवेब के 26 सेंटर हैं। यहां सिर्फ लड़कियों को ही दाखिला मिलता है।