Noida District Library: सेक्टर-12 स्थित डिस्ट्रिक्ट लाइब्रेरी बेहतर सुविधाओं और शांत अध्ययन माहौल के कारण छात्रों की पहली पसंद बनती जा रही है। गूगल विव्यू में लाइब्रेरी को 4.9 की रेटिंग मिली है, जो कई निजी और पुरानी लाइब्रेरी से भी बेहतर मानी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और अध्ययन के अनुकूल वातावरण को लेकर पाठकों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले बड़ी संख्या में छात्र प्रतिदिन यहां अध्ययन के लिए पहुंच रहे हैं।
बढ़ती मांग को देखते हुए सदस्यता और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया ऑनलाइन की जा रही है, ताकि विद्यार्थियों को सुविधा मिल सके। लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं के अलावा साहित्य, इतिहास, विज्ञान, सामान्य ज्ञान और अन्य विषयों की पुस्तकों का समृद्ध संग्रह उपलब्ध है। हाल ही में बच्चों के लिए भी नई पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं।
यहां मात्र 500 रुपये में सदस्यता मिलती है, जबकि निजी लाइब्रेरी में हर महीने अधिक शुल्क देना पड़ता है। लाइब्रेरी की इंचार्ज सीमा गुप्ता ने बताया कि छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। लगातार बढ़ रही सदस्यता को देखते हुए बैठने की क्षमता बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है।