AILET 2024: नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (NLU), दिल्ली में बीए एलएलबी (ऑनर्स), एलएलएम और पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए AILET 2024 के लिए आवेदन की शरुआत हो चुकी है। आवेदन शुल्क 3,500 रुपये है। इच्छुक उम्मीदवार विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट - nationallawuniversitydelhi.in पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। गौरतलब है कि इस बार कई बड़े बदलाव हुए हैं, पंजीकरण और बदलावों से जुड़ी जानकारी नीचे बताई गई है।
AILET 2024 आवेदन सबमिट करने की अंतिम तिथि 13 नवंबर, 2023 है। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षा 10 दिसंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच होगी, जिसके लिए एडमिट कार्ड 20 नवंबर को जारी किए जाएंगे।
इस बार NLU Delhi ने एलएलएम और पीएचडी कार्यक्रमों के लिए परीक्षा पैटर्न में बदलाव किया है। बदलाव के तहत पहली बार सामाजिक विज्ञान में पीएचडी डिग्री की पेशकश की गई है। सबसे मुख्य बदलाव परीक्षा के समय को लेकर हुआ है।
अब से, AILET सभी कार्यक्रमों यानी बीए एलएलबी (ऑनर्स), एलएलएम और पीएचडी के बैच 2024 के लिए 1.5 घंटे के बजाय दो घंटे (120 मिनट) की परीक्षा होगी। परीक्षा में केवल बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) प्रश्न आएंगे। कानून की अलग-अलग ब्रांच से लिए गए परीक्षा में कुल 100 एमसीक्यू होंगे और प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होगा।
एनएलयू दिल्ली ने 2024 के लिए सामाजिक विज्ञान जैसे राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, अपराध विज्ञान, अर्थशास्त्र और अंग्रेजी में पीएचडी डिग्री की शुरुआत की है।
पीएचडी के लिए प्रवेश परीक्षा में 100 एमसीक्यू होंगे, प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होगा, जिनमें से 50 एमसीक्यू रिसर्च मेथडोलॉजी विषय से होंगे। कानून में पीएचडी के लिए, शेष 50 एमसीक्यू कानून की अलग-अलग ब्रांच से होंगे। सामाजिक विज्ञान में पीएचडी के लिए, शेष 50 एमसीक्यू सामाजिक विज्ञान की अलग-अलग ब्रांच से होंगे।
AILET परीक्षा के केन्द्र बेंगलुरु, बिलासपुर (छत्तीसगढ़), भोपाल, चंडीगढ़, चेन्नई, कोचीन, कटक, देहरादून, दिल्ली, गांधीनगर, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, गुवाहाटी, हैदराबाद, जबलपुर, जयपुर, जम्मू, जोधपुर , कानपुर, कोलकाता, कोटा, लखनऊ, मदुरै, मुंबई, नागपुर, पटना, पुणे, रायपुर, रांची, तिरुवनंतपुरम, शिमला, सिलीगुड़ी, वाराणसी और विशाखापत्तनम शहरों में होंगे।