NEET UG Exam 2026: पेपर लीक विवाद के बाद 21 जून को नीट यूजी की दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पहली बार अर्धसैनिक बलों और रक्षा एजेंसियों की मदद से प्रश्नपत्रों के परिवहन व सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
NEET UG Exam: 21 जून को दोबारा नीट यूजी परीक्षा को लेकर केंद्र और राज्यों की शुक्रवार को कई स्तर पर उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था अर्धसैनिक बलों को सौंपने का फैसला किया गया। पेपर लीक से जुड़े तार वाले पुणे और लातूर केंद्रों पर विशेष सुरक्षा, सीसीटीवी से निगरानी और सोशल मीडिया पर अफवाहों को रोकने जैसे अहम निर्देश दिए जा चुके हैं।
विज्ञापन
बैठक में जम्मू कश्मीर, चंडीगढ़, बिहार व छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव के अलावा पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारी भी जुड़े थे। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से बताया कि नए प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। परीक्षा में 23 लाख अभ्यर्थी शामिल होने वाले हैं। परीक्षा केंद्रों पर ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी।
परीक्षा का समय
नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। इस समय में परीक्षा से जुड़ी जरूरी औपचारिकताएं भी शामिल रहेंगी। परीक्षा पेन और पेपर मोड (ऑफलाइन) में 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी। उम्मीदवार 15 मई से 21 मई 2026 रात 11:50 बजे तक अपना वर्तमान पता और पसंदीदा परीक्षा शहर अपडेट कर सकते हैं। इसके बाद किसी भी बदलाव का मौका नहीं मिलेगा। अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार NTA की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर विजिट कर सकते हैं।