ड्रेस कोड और जरूरी नियम
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवारों को हल्के और आरामदायक कपड़े पहनकर आना चाहिए। भारी कपड़े या जटिल डिजाइन वाले वस्त्र पहनने से बचने की सलाह दी गई है। हालांकि आवश्यकता होने पर बाजूबंद या ऊनी वस्त्र पहनने की अनुमति है, लेकिन ऐसे उम्मीदवारों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच के लिए समय से पहले केंद्र पर पहुंचना होगा।
क्या जूते-चप्पल पहनकर जा सकते हैं?
जूते-चप्पलों को लेकर भी निर्देश दिए गए हैं। उम्मीदवारों को चप्पल या कम हील वाले फुटवियर पहनने की सलाह दी गई है, ताकि सुरक्षा जांच के दौरान किसी तरह की देरी न हो।
उम्मीदवारों के लिए विशेष निर्देश
एनटीए ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे निर्धारित ड्रेस कोड का सख्ती से पालन करें और परीक्षा स्टाफ के साथ पूरा सहयोग करें। समय से पहले केंद्र पर पहुंचना बेहद जरूरी बताया गया है, खासकर उन उम्मीदवारों के लिए जिनके कपड़ों या वस्तुओं की अतिरिक्त जांच हो सकती है।
किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के लिए उम्मीदवार एनटीए हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 या 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा neetug2026@nta.ac.in पर ईमेल के जरिए भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
नीट यूजी बायोमैट्रिक संबंधी दिशानिर्देश एडवाइजरी पीडीएफ
इस बार रिकॉर्ड संख्या में रजिस्ट्रेशन
इस वर्ष नीट यूजी 2026 के लिए कुल 22,79,743 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है। इनमें सबसे ज्यादा संख्या छात्राओं की है। आंकड़ों के अनुसार 13,32,928 महिला उम्मीदवार हैं, जो कुल का लगभग 58 प्रतिशत हैं, जबकि 9,46,815 पुरुष उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होंगे।
3 मई को होगी परीक्षा
एनटीए इस साल 3 मई 2026 को देशभर में नीट यूजी परीक्षा आयोजित करेगा। ऐसे में सभी उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
यह परीक्षा मेडिकल क्षेत्र में प्रवेश के लिए सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाओं में से एक है, इसलिए उम्मीदवारों को तैयारी के साथ-साथ नियमों का भी पूरा ध्यान रखना होगा।