राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) पीजी का मामला एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुका है। याचिका में अबकी बार नीट पीजी परीक्षा टालने की मांग की गई है। सुप्रीम कोर्ट में छात्रों के एक समूह ने याचिका दायर कर पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल कोर्स में दाखिले के लिए 12 मार्च को होने वाली नीट पीजी (NEET PG) परीक्षा को स्थगित करने की मांग की गई है।
याचिका में दावा किया गया है कि कई एमबीबीएस स्नातक छात्र अनिवार्य इंटर्नशिप अवधि पूरी न होने के कारण मार्च 2022 की नीट परीक्षा नहीं दे पाएंगे। दुबे लॉ चैंबर्स के माध्यम से छह एमबीबीएस स्नातकों द्वारा मंगलवार को दायर याचिका, राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड को निर्धारित परीक्षा को तब तक स्थगित करने का निर्देश देने की मांग करती है, जब तक कि पीजी नियमों में निर्धारित उम्मीदवारों की अनिवार्य इंटर्नशिप अवधि को पूरा करने जैसी विभिन्न आवश्यकताओं को पूरा नहीं किया जाता है।