आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि स्नातकोत्तर मेडिकल दाखिलों के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET PG 2022) की काउंसलिंग एक सितंबर से शुरू होगी। नीट पीजी 2022 के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया का संचालन मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) की ओर से किया जाएगा। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान परीक्षा बोर्ड की ओर से इस साल नीट पीजी परीक्षा के नतीजे रिकॉर्ड 13 दिन में जारी कर दिए गए थे।
NEET PG 2022: एआईक्यू की 50 फीसदी सीटों पर एमसीसी कराएगी काउंसलिंग
नीट पीजी 2022 परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले चिकित्सा स्नातकों को काउंसलिंग के अखिल भारतीय कोटा सीटों, राज्य के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों, केंद्रीय और डीम्ड विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान पाठ्यक्रमों और कॉलेजों के संबंध में अपनी पसंद भर सकेंगे। अधिकारियों ने कहा कि पीजी काउंसलिंग सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों, डीम्ड विश्वविद्यालयों और 50 प्रतिशत अखिल भारतीय कोटे की सीटों और मेडिकल और डेंटल कॉलेजों की 50 प्रतिशत राज्य कोटे की सीटों के लिए एक साथ शुरू होगी।
NEET PG Counselling: एसएस काउंसलिंग खत्म होने के बाद होगी शुरू
एमसीसी के अधिकारियों ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के तहत मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) की ओर से दाखिला प्रक्रिया और काउंसलिंग ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। काउंसलिंग प्रक्रिया करीब चार चरणों में आयोजित की जाएगी। एमसीसी की ओर से नीट एसएस 2021 की काउंसलिंग प्रक्रिया खत्म होने के बाद नीट नीट पीजी 2022 के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी।