मानव संसाधन विकास मंत्रालय नीट और जेईई परीक्षाओं को लेकर आज अहम घोषणा कर सकता है। एनटीए समिति की रिपोर्ट के बाद एचआरडी मंत्रालय इन दोनों ही परीक्षाओं को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी देगा। नीट और जेईई परीक्षाओं को लेकर विद्यार्थी और अभिभावक लगातार एचआरडी मंत्रालय से इन्हें स्थगित करने की मांग कर रहे हैं। कोरोना वायरस की वजह से पैदा हुई स्थिति को देखते हुए विद्यार्थी इन परीक्षाओं को स्थगित करने के लिए सोशल मीडिया के जरिए भी गुहार लगा रहे हैं। इसी के मद्देनजर मंत्रालय ने परीक्षाओं की स्थिति साफ करने को लेकर एनटीए की विशेष समिति गठित की थी। जो कि आज इन परीक्षाओं के आयोजन को लेकर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।