CP Radhakrishnan Education: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपने प्रत्याशी का एलान कर दिया है। गठबंधन ने अपने उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के तौर पर सीपी राधाकृष्णन के नाम पर मुहर लगा दी है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी साझा की।
अब जब नाम की घोषणा हो चुकी है, तो अब सबके मन में यह सवाल उठ रहा है कि कौन हैं सी. पी. राधाकृष्णन? और उनकी शैक्षणिक योग्यता क्या है? आइए जानते हैं उनके बारे में विस्तार से...
कितने पढ़े-लिखे हैं सीपी राधाकृष्णन?
सीपी राधाकृष्णन एक शिक्षित और अनुभवी राजनेता हैं। उन्होंने बीबीए (BBA) की डिग्री 1978 में वी.ओ.सी. कॉलेज, तूतीकोरिन (मदुरै यूनिवर्सिटी) से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने राजनीति विज्ञान में गहराई से अध्ययन किया और ‘सामंतवाद का पतन’ विषय पर पीएचडी (Ph.D.) की। इस रिसर्च के बाद उन्हें डॉक्टर की उपाधि भी प्राप्त हुई।
सीपी राधाकृष्णन खेलों के भी बहुत शौकीन रहे हैं। कॉलेज स्तर पर वे टेबल टेनिस चैंपियन थे और लंबी दूरी के धावक के रूप में भी सक्रिय रहे। इसके अलावा, उन्हें क्रिकेट और वॉलीबॉल का भी काफी शौक है।
पारिवारिक पृष्ठभूमि
सीपी राधाकृष्णन का जन्म 20 अक्तूबर 1957 को तिरुप्पुर (तमिलनाडु) में हुआ था। उनके पिता का नाम सी. के. पोन्नुसामी और माता का नाम जानकी था। उनका विवाह सुमति से हुआ है और उनके एक पुत्र व एक पुत्री हैं। वह एक हिंदू परिवार से ताल्लुक रखते हैं।
राजनीतिक अनुभव
सीपी राधाकृष्णन को राजनीति का भी लंबा अनुभव है। वह दो बार कोयंबतूर लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं। 2004 से 2007 तक सीपी राधाकृष्णन तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे। इसके बाद, 2020 से 2022 तक उन्होंने केरल भाजपा के अखिल भारतीय प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी निभाई। 18 फरवरी 2023 को उन्हें झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया। साल 2024 से अभी तक वह महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं।