एनसीईआरटी की तरफ से 9वीं से 12वीं कक्षा तक के लिए तैयार किया गया एकेडमिक कैलेंडर शनिवार को जारी कर दिया गया। लॉकडाउन में ऑनलाइन कक्षाओं में पढ़ाने के तरीके, तकनीक आदि को शमिल करते हुए तैयार कैलेंडर को मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने जारी किया है। विशेषज्ञों ने यह कैलेंडर छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से लिए गए सुझावों के आधार पर तैयार किया है।
इन कैलेंडरों को दूरदर्शन, मंत्रालय के स्वयंप्रभा चैनल से प्रसारित कराया जाएगा। इस कैलेंडर के आधार पर ही एनसीईआरटी, राज्य स्कूल शिक्षा विभाग, स्कूल शिक्षा बोर्ड केंद्रीय विद्यालय संगठन, नवोदय विद्यालय समिति आदि संस्थान अपनी गतिविधियां संचालित करते हैं।
कैलेंडर जारी करते समय निशंक ने कहा, इसकी मदद से जहां अध्यापक विभिन्न तकनीकों और सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए घर से ही बच्चों को अभिभावकों की देखरेख में पढ़ा सकते हैं। इसके तहत शिक्षक, अभिभावक और बच्चे व्हाट्सएप, फेसबुक, टि्वटर, टेलीग्राम, गुगल मेल और गूगल हैंगऑउट जैसी एप के जरिए एक-दूसरे से जुड़कर घर बैठकर ही पढ़ाई कर सकते है। वहीं कुछ लोगों के पास मोबाइल फोन, इंटरनेट की सुविधा नहीं होने को ध्यान में रखकर इसे टीवी से भी जोड़ा जा रहा है। ऐसे छात्र एसएमएस या फोन के माध्यम से सारी जानकारी हासिल कर सकते हैं।
कैलेंडर की खास बातें:
- साप्ताहिक आधार पर किया जाएगा जारी। सिलेबस के अनुसार विषयों को बनाया गया है रूचिकर।
- अनुभव आधारित शिक्षा में कला और शारीरिक शिक्षा के साथ- साथ योग भी शामिल।
- तनाव, चिंता को दूर करने के तरीके भी सुझाए गए हैं।