जोधपुर के राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (NLA) ने नया शैक्षणिक सत्र 2020-21 ऑनलाइन शुरू करने का निर्णय लिया है। विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय ऑनलाइन कक्षाओं का आयोजन करेगा। विश्वविद्यालय का नया शैक्षणिक सत्र एक अगस्त से शुरू होगा। इसके बाद नवंबर-दिसंबर में ऑनलाइन परीक्षाएं होंगी।
इसे भी पढ़ें-RBSE 12th Result 2020: राजस्थान बोर्ड के बारहवीं कॉमर्स का रिजल्ट जारी, ऐसे चेक करें
एनएलयू ने कोरोना वायरस की वजह से पैदा हुई स्थिति को देखते हुए ही एक अगस्त से ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन का फैसला लिया है। विद्यार्थी लैपटॉप व मोबाइल के जरिए घर से ही ऑनलाइन कक्षाओं को अटेंड करेंगे। शिक्षक विद्यार्थियों की वर्चुअल कक्षाएं लेंगे। गौरतलब है कि देशभर के विधि स्कूलों में से अभी एनएलयू ने ही एक अगस्त से ऑनलाइन कक्षाओं के तौर पर सत्र शुरू करने की घोषणा की है।
विद्यार्थियों के लिए प्रोजेक्ट जमा कराने की अंतिम तिथि 5 अक्टूबर रखी गई है। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए पूरा शेड्यूल देख सकते हैं। इस शिक्षण सत्र का अंतिम कार्य दिवस 17 दिसंबर को होगा। 26 दिसंबर से पहले परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। विश्वविद्यालय का पहला नया शैक्षणिक सत्र बगैर प्रथम सेमेस्टर के शुरू होगा। दूसरे सेमेस्टर से लेकर दसवें सेमेस्टर तक विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं चलेंगी।