इससे पहले सामान्य और अनारक्षित वर्ग के लिए ऊपरी आयु सीमा 40 वर्ष निर्धारित थी। इस कारण सामान्य वर्ग के कई उम्मीदवार आर्थिक तौर पर पिछड़े होने के बावजूद 40 की उम्र के बाद आवेदन नहीं कर पाते थे। हालांकि, अब ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के उम्मीदवारों को ऊपरी आयु सीमा में पांच साल की छूट देने से वे एससी, एसटी और ओबीसी उम्मीदवारों की तरह 45 वर्ष की उम्र तक राज्य सरकार की नौकरियों में आवेदन करने के पात्र हो जाएंगे।
एमपी पीएससी यानी मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग ने गुरुवार, 10 फरवरी, 2022 को देर रात इस संबंध में आदेश भी जारी किया था। ऐसे में अब ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा एससी, एसटी व ओबीसी श्रेणी के अभ्यर्थियों की तरह 45 साल तक हो गई है। हालांकि, जनरल यानी अनारक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को ऊपरी आयु सीमा में कोई छूट नहीं दी गई। उनके लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष ही रहेगी।
राज्य सेवा और वन सेवा परीक्षा में आवेदन का विशेष मौका
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से उम्र सीमा बढ़ाए जाने के बाद कोर्ट के फैसले के अनुसार, राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा और राज्य वन सेवा परीक्षा 2021 के लिए आवेदन की विशेष विंडो ओपन की जा रही है। ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन आवेदन लिंक 14 फरवरी से 24 फरवरी, 2022 तक फिर से एक्टिव किया जा रहा है। राज्य सेवा और वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 अप्रैल, 2022 को निर्धारित है।