MPBSE Madhya Pradesh Board Class 12th / Intermediate Result 2020 : मध्य प्रदेश बोर्ड के 12वीं कक्षा के 8.5 लाख छात्रों का इंतजार खत्म हो गया। आज यानी 27 जुलाई, 2020 को एमपी बोर्ड ने परिणाम जारी कर दिए हैं। वे छात्र जिन्होंने इस परीक्षा में भाग लिया था, वे अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से देख सकते हैं। इसबार 12वीं कक्षा में 68.81 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं। वहीं पिछली साल 12वीं कक्षा का परिणाम 72.37 प्रतिशत रहा था। इस बार 12वीं कक्षा का परिणाम 2019 के मुकाबले 3.56 प्रतिशत कम रहा।
इस वर्ष की टॉपर खुशी सिंह हैं। उन्होंने 486 अंक प्राप्त कर प्रदेश में टॉप किया। वहीं दूसरे स्थान पर मधुलता ने 479 अंक लाकर प्रदेश में दूसरी स्थान प्राप्त किया। वहीं 2019 में 12वीं कक्षा के टॉपर आर्य जैन ने 97.20 फीसदी अंक लाकर टॉप किया था। वहीं तीसरे स्थान पर 476 अंकों के साथ निकिता पाटीदार रहीं।
इस वर्ष के परिणाम में 73.40 प्रतिशत छात्राएं पास हुईंं वहीं छात्रों का सफलता प्रतिशत 64.66 रहा। इस साल सरकारी स्कूलों का परिणाम प्राइवेट स्कूलों के मुकाबले अच्छा रहा। इस साल शासकीय स्कूलों में 71.43 प्रतिशत छात्र पास हुए, वहीं प्राइवेट स्कूलों का सफलता प्रतिशत 64.93 रहा।
एमपी बोर्ड 10वीं कक्षा के परिणाम 4 जुलाई, 2020 को घोषित कर चुका है। इस साल दसवीं कक्षा का रिजल्ट 62.84 फीसदी रहा है। 2019 में दसवीं कक्षा का रिजल्ट 61.32 फीसदी रहा था। इस साल एमपी बोर्ड परीक्षा में 3,42,390 छात्रों को पहले डिवीजन में रखा गया है। भिंड के अभिनव शर्मा ने दसवीं कक्षा में टॉप किया है। अभिनव ने 300 में 300 अंक हासिल किए हैं। इसके अलावा पहले स्थान पर दो अन्य छात्र रहे हैं। इनमें गुना के लक्षदीप और पवन भार्गव दोनों ने भी परीक्षा में 300 अंक हासिल किए हैं।
12वीं कक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सरकार की ओर से लैपटॉप और 25,000 रूपये दिए जाने की योजना है। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक लेने के बाद यह निर्णय लिया।
ये भी पढे़ें : MP Board MPBSE 12th Result 2020 Live Updates: नतीजे घोषित, कला में खुशी सिंह और विज्ञान में प्रिया रहीं सबसे आगे