माध्यमिक शिक्षा मंडल ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर 9वीं और 11वीं की परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। जारी डेटशीट के मुताबिक 12 अप्रैल से परीक्षा प्रस्तावित हैं, लेकिन प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए विद्यालयों और महाविद्यालयों को बंद कर दिया गया है। राजधानी भोपाल सहित 13 जिलों में रविवार को लॉकडाउन लगा दिया गया है। वहीं सरकार द्वारा महाराष्ट्र के बाद अब छत्तीसगढ़ से लगी सीमाओं को भी सील करने के निर्देश दे दिए गए हैं। ऐसी परिस्थितियों में कक्षा नौवीं और ग्यारहवीं की परीक्षाएं होना कठिन प्रतीत हो रहा है।
स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के अनुसार दसवीं और बारहवीं की प्री-बोर्ड परीक्षाओं को कुछ समय के लिए स्थगित करने की तैयारियां की जा रही हैं। बता दें राज्य बोर्ड द्वारा कक्षा दसवीं की परीक्षाएं 30 अप्रैल से आयोजित की जाएंगी। वहीं कक्षा बारहवीं की परीक्षाएं 1 मई से आयोजित की जानी है। बोर्ड द्वारा अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर परीक्षा का टाइम टेबल भी जारी कर दिया गया है।